यह दौड़-भाग वाला खेल है। इसमें खिलाड़ियों को केवल भागना ही पड़ता है। इस खेल में कोई खेल-सामग्री नहीं होती। हूंस-हूंस के खिलाड़ी खेल शुरू करने से पहले चयन प्रक्रिया अपनाते हैं जिसमें एक खिलाड़ी चोर के रूप में चुना जाता है। इसके बाद कोई एक खिलाड़ी ‘बोल हूंस’ कहता है। तब चोर ‘हूंस’ बोलकर जवाब देता है। यह सुनते ही सभी खिलाड़ी किसी एक की तरफ देखकर सामूहिक रूप से ‘उपाड़ल्या उवेरी मूंछ’ (उसकी मूंछ उखाड़ लाओ) कहकर चोर से बचने के लिए भाग जाते हैं। जिस खिलाड़ी की मूंछ उखाड़ने के लिए कहा जाता है, चोर उसके पीछे भागता है। जब वह किसी को वह छू लेता है तो सभी को सूचित करने के लिए तेज आवाज में ‘टिडी लोट-टिडी लोट’ बोलता है। अब उसके स्थान पर छू लिया जाने वाला खिलाड़ी चोर बनता है। फिर खेल उसी भांति पुन: आरंभ हो जाता है।